गोरखपुर।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त अप्रेंटिस अभ्यर्थियों ने रेलवे में नियुक्ति की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने भरोसा दिलाया था कि सरकार बनने पर रोजगार मुहैया कराया जाएगा, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं हुई।
कर्मचारी संघ के महामंत्री ने कहा कि सरकार ट्रेंड नौजवानों को भी रोजगार नहीं दे पा रही है। प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की लड़ाई संघ पूरे मनोयोग से लड़ेगा। संयुक्त महामंत्री एके सिंह ने कहा कि यह सरकार नौजवानों की बदौलत बने थी और अब उन्हीं के आक्रोश का शिकार हो जाएगी। अप्रेंटिस बेरोजगारों की लड़ाई का समाधान नहीं हुआ तो सरकार को भारी विरोध झेलना पड़ेगा। इस दौरान यांत्रिक कारखाना मंडल के मंत्री आरपी भट्ट, मंत्री एससी अवस्थी, कौशल किशोर आदि मौजूद थे।