निचलौल। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मे सायंकाल प्रसव के बाद मंगलवार को महिला व जुड़वां शिशु की मौत हो गई। इससे नाराज गांव वालों ने हंगामा किया। डॉक्टर के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। गेढ़िहवा गांव की नसीरून निशा (30) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मंगलवार को सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराए। स्टाफ नर्स रोशनी सिंह ने डिलीवरी कराई। जुड़वां बच्चे पैदा हुए। थोड़ी देर बाद एक-एक कर दोनों बच्चों की मौत हो गई। परिजनों ने नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने महिला में खून की कमी बताकर रेफर कर दिया। अभी परिजन ले जाने की तैयारी में थे कि महिला की मौत हो गई। डॉक्टरों के समझाने के बाद के परिजन महिला का शव घर ले गए। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि इसके पूर्व भी महिला के जुड़वां बच्चे हुए थे। उनकी भी मृत्यु हो गई थी। महिला में खून की कमी थी। इसलिये रेफर कर दिया गया था।