गोरखपुर।
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ की ओर से फ्रेशर्स मीट का आयोजन मंगलवार को दीक्षा भवन में किया गया। गीत संगीत से सजे इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जमकर धमाल किया। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हर प्रस्तुति पर विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरूआत छह साल की कुहू के ‘कान्हा सो जा जरा ’ बॉलीवुड गाने पर मजेदार नृत्य के साथ हुई। वहीं शिवानी के गाने ‘तेरे नैना बड़े कातिल मार ही डालेेंगे’ पर खूब तालियां बजीं। नरेंद्र के वेस्टर्न डांस फार्म पर मिक्स गानों की प्रस्तुति ‘ये जो तेरे पायलों की छन छन है’ ऐ जी ओ जी लो जी सुनो जी ने माहौल में मस्ती घोल दी। अभिनव के ‘झनक झनक बाजे पायलिया’ गीत ने रूमानियत का एहसास कराया। कार्यक्रम की शुरूआत प्रो. एस के दीक्षित ने दीप प्रज्जवल और सरस्वती मां के चित्र पर माल्यापर्ण के साथ की। संबोधन में कहा कि नए विद्यार्थियों के लिए यहां की मर्यादा, संस्कृति और कार्य व्यवहार को समझना जरूरी है। इसके लिए हर वर्ष ऐसे आयोजन होने चाहिए। कार्यक्रम का संचालन रिसर्च स्कालर हितेश ने किया। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष अमन यादव, महामंत्री ऋचा चौधरी, उपाध्यक्ष अखिलदेव त्रिपाठी, पुस्तकालय मंत्री दीपक यादव समेत अन्य छात्रनेता और विद्यार्थी मौजूद थे।
रोहित के गानों पर गूंजा वंस मोर
यूनिवर्सिटी के बीएससी के छात्र रोहित के ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें के नहीं’ गाने पर ऑडिटोरियम में वंस मोर की डिमांड गूंजी। दोबारा माइक थामते हुए रोहित ने ‘तू प्यार है किसी और का’ गाने पर धमाल मचाया।
नन्हीं अंजलि ने जीता दिल
कार्यक्रम में ‘मैं तेरी गर्लफेंड’ गाने पर नन्हीं अंजलि की जबरदस्त प्रस्तुति ने विद्यार्थियों का दिल जीत लिया। तालियों से सभी ने बाल कलाकार का उत्साहवर्धन किया।