फरेंदा। जम्मू काश्मीर में सोमवार को हुए आतंकवादी घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फरेंदा में गुस्सा जाहिर करते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कस्बे में नारे बाजी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठाने की केंद्र सरकार से मांग की।
बजरंग दल के नगर संयोजक संदेश जायसवाल, अनूप अग्रहरि, संगम अग्रहरि, समीर सहानी, शिवम जायसवाल के नेतृत्व में फरेंदा में आतंकवाद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने विरोध जुलूस फरेंदा के अंबेडकर तिराहा, मिलगेट तिराहा, विष्णु मंदिर तिराहा से स्टेशन रोड होते पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। अंबेडकर तिराहा पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। नगर संयोजक ने कहा कि अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की हत्या निंदनीय है। इस आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। जिस प्रकार से आतंकवादी कार्य कर रहे है उसी तरह से भारतीय सेना द्वारा कार्रवाई करके उनको मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। इस दौरान चंदन मद्धेशिया, रजनीश पांडेय, राहुल पांडेय, विशाल जायसवाल, ऋषि चौरसिया, गौरव अग्रहरि, विकी अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
अमरनाथ यात्रियों के सकुशल लौटने की प्रार्थना
निचलौल। अमरनाथ यात्रियों पर अनंतनाग जिले में सोमवार को आतंकी हमले में 7 लोगों की मौत की खबर से अमरनाथ यात्रियों के परिवार वालों की बेचैनी बढ़ गई है। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले निचलौल तहसीलदार के पेशकार के परिजन और तहसील के कर्मी समेत अधिवक्ता परेशान हैं। पेशकार का फोन मिल नहीं रहा है। इससे सभी की बेचैनी बढ़ गई है। सभी उनको सकुशल लौटने की कामना कर रहे हैं।
आतंकवाद का पुतला फूंक लगाए पाकिस्तान के विरोध में नारे
महराजगंज/सिसवा बाजार। अमरनाथ की तीर्थ यात्रा पर जा रहे निर्दोष श्रद्धालुओं पर दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के बटिंगू में सोमवार की रात हुए आतंकवादी हमले सात श्रद्धालु मारे गए हैं। इस मसले को लेकर लोगो में आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश है। सभी ने आतंकियों के इस कृत्य पर रोष प्रकट करते हुए पाकिस्तान के विरोध में जमकर नारेबाजी। वही भारत सरकार को आतंकवाद के खिलाफ कडी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
शिकारपुर चौराहे पर विश्व हिन्दु परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर आतंकवाद का पुतला फूंक गुस्से का इजहार किया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। आतंकवाद के खिलाफ सरकार को कडी कार्रवाई करनी चाहिए। पुतला फूंकने के दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अमित पांडेय, ब्रजेश चतुर्वेदी ने कहा कि श्रद्धालुओं पर गोली बरसाने वाले आतंकियों को चुन-चुन कर मार गिराने की जरूरत है। सरकार को इसके लिए भारतीय सेना के जवानों को खुली छूट दी जानी चाहिए। पुतला फूंकने के बाद कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान पवन पटेल, गंगेश्वर, संदीप, सूरज, सुनील, विपिन, आलांक, चंद्र किशोर, चंदन, दिलीप, विष्णु के अलावा तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार जायसवाल के नेतृत्व में सिसवा नगर के व्यापारियों ने श्रीराम जानकी मंदिर तिराहे पर मृत श्रद्धालुओं के प्रति दो मिनट का मौन रख उनके आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया और आतंकवाद का पुतला फूंककर पाकिस्तान विरोधी नारे लगाते हुए आक्रोश जताया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार जायसवाल ने कहा कि देशवासियों की आस्था का केंद्र बाबा अमरनाथ बर्फानी की पवित्र यात्रा पर जा रहे निर्दोष व निहत्थे श्रद्धालुओं पर आतंकवादियों ने गोलियां बरसा कर अपने कायरता का परिचय दिया है। इस घटना से पूरा देश आहत है यह एक घिनौना कृत्य है।