परसपुर। इकनिया माझा गांव में बुधवार देर रात एक युवक का शव मड़हे में फंदे से लटका मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। गांव निवासी गोली पासवान ने बताया कि उनका बेटा बचनू पासवान (30) बुधवार रात घर के पास बने मड़हे में सोने गया था। वह टिनशेड के नीचे सो रहा था। देर रात नींद खुलने पर जब वह मड़हे की ओर गए तो देखा कि बचनू का शव बड़ेर के सहारे रस्सी के फंदे से लटक रहा था।
परिजनों के अनुसार बचनू पहले पान की गुमटी चलाता था। करीब एक वर्ष पहले कारोबार बंद हो जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था बचनू
बचनू पासवान तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई सोमनाथ (35) और छोटे भाई नान्हू प्रसाद (22) हैं। एक विवाहित बहन भी है, जो अपने ससुराल में रहती है। बचनू अविवाहित था। उसकी मां जगपता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।