गोंडा। बेरोजगारी, निजीकरण, बलात्कार की घटनाएं व शिक्षक भर्ती सहित दर्जनों मुद्दों को लेकर युवा कल सांसद कार्यालय का घेराव करेंगे और गोंडा सांसद को ज्ञापन भी सौंपेंगे। अभिषेक तिवारी ने कहा कि जिले में बेरोजगारी काफी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि रोजगार के संसाधन न उपलब्ध होने पर युवा बेहद हताश हैं व दूसरे प्रदेशों में काम की तलाश में जा रहे हैं। शिक्षक भर्ती, रेलवे भर्ती व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं पर लगी रोक पर सरकार युवाओं का भविष्य को अधर में डाल रही हैं।
गोंडा जिले को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई भी प्रयास नहीं किया जा रहा है। नवाबगंज चीनी मिल को फिर चालू कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। बजाज चिनी मिल में बकाया भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सगरा तालाब व पक्षी आरंगा विहार का सौंदर्यीकरण नहीं किया जा रहा है। इटियाथोक व मसकनवां को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए कोई पहल नहीं हो रही। गोंडा जिले की सड़कों पर खुले पशु घूम रहे हैं जिससे रोजाना दुर्घटनाओं में जाने जा रही है। राजकीय महाविद्यालय व राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय का निर्माण अधूरा पड़ा है। स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से लचर हैं। जिले में एकमात्र नेहरू स्टेडियम आज भी उपेक्षित हैं।