धानेपुर में एसआईआर मैपिंग करते शिक्षक व बीएलओ। - संवाद
गोंडा। एक जनवरी 2026 को 18 साल पूरा करने वाले युवा भी एसआईआर में शामिल होंगे। इसके लिए उन्हें प्रारूप छह के साथ ही एसआईआर फॉर्म का घोषणा पत्र भी भरना होगा। साथ ही पूरा फॉर्म भरकर अपने बीएलओ को सौंपना होगा। इसके लिए उनके पास सिर्फ 11 दिसंबर तक का समय शेष रह गया है। रविवार को भी बीएलओ की ओर से एसआईआर किया गया है।
चुनाव कार्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 11 दिसंबर तक समय दिया गया है। अब तक 96.42 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं का एसआईआर किया जा चुका है। एसआईआर एक जनवरी 2026 के आधार पर किया जा रहा है। ऐसे में एक जनवरी को 18 साल पूरा करने वाले युवक व युवतियां भी एसआईआर में शामिल किए जाएंगे। उन्हें नाम जोड़ने के लिए जहां प्रारूप छह फॉर्म भर सकते हैं। साथ ही एसआईआर के लिए उन्हें घोषणा पत्र भी भरना होगा। इसके बाद लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची में नाम जोड़ा जा सकेगा। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि कोई भी पात्र मतदाता एसआईआर से न छूटे और कोई अपात्र सूची से न जुड़ने पाए। इसके लिए सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ स्तर से निर्वाचन आयोग के नियमानुसार एसआईआर फॉर्म भरा जा रहा है।
फॉर्म भरकर वापस नहीं कर रहे मतदाता
धानेपुर/पसका। कंपोजिट विद्यालय धानेपुर पर तैनात बीएलओ आरती व मीरा ने बताया कि फॉर्म भरने के बाद कुछ मतदाताओं ने वापस नहीं किया है। ऐसे में फॉर्म एकत्र करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके साथ ही गलत मैपिंग के चलते मुश्किलें हो रही हैं। परसपुर के त्यौरासी के बीएलओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शादीशुदा महिलाओं के एसआईआर भरने में दिक्कतें हो रही है। डिटेल मांग कर भरी जा रही है। (संवाद)