मनकापुर। बलरामपुर के सादुल्लाहनगर क्षेत्र के हसनापुर निवासी राहुल यादव को लिफ्ट देने का झांसा देकर दो लोगों ने 1.30 लाख रुपये और बैग लूट लिया।
पीड़ित ने बताया कि 19 सितंबर की सुबह वह आम्रपाली एक्सप्रेस से जालंधर से मनकापुर पहुंचे थे। स्टेशन के बाहर चाय की दुकान पर दो युवकों ने सादुल्लाहनगर जाने की बात कहकर उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में एक दुकान पर रुककर तीनों ने चाय-सिगरेट पी। इसके बाद मछली बाजार-सादुल्लाहनगर मार्ग पर मद्दो भट्ठा के पास दोनों ने राहुल को बाइक से उतार दिया और उनका बैग लूटकर भाग गए।
बैग में 1.30 लाख रुपये और मोबाइल था। घटना के बाद राहुल की हालत ऐसी थी कि उन्हें घर पहुंचने की भी सुध नहीं रही। स्थिति सामान्य होने पर बैंक स्टेटमेंट निकालने पर क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से लेनदेन की भी जानकारी मिली। सीओ उदित पालीवाल ने बताया कि मनकापुर कोतवाली में दो अज्ञात लाेगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बैंकिंग लेनदेन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। (संवाद)