मनकापुर (गोंडा)। आईटीआई से घर जाते समय एक युवक पर कुछ लोगों ने अवैध असलहे के बट से हमला कर दिया और पांच हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने दो अज्ञात सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के पचपुती जगतापुर गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र राघवेंद्र सिंह द्वारा बुधवार की देर शाम को कोतवाली में लिखाई रिपोर्ट में कहा है कि वह मुर्गा पालन का कार्य करता है। जिसकी बिक्री करने के बाद बुधवार की शाम को आईटीआई में एक दुकानदार से रुपया लेने गया था। बाइक से वहां से घर लौटते समय बरदही बाजार में फातिमा स्कूल के पास सिरताज, लाल शेख, सूबेदार, अजान बाबा व दो अन्य अज्ञात लोग निवासी शेखपुरवा मनकापुर ने लूट की नीयत से असलहे के बल पर रोक कर हमला कर दिया।
ज्ञानेंद्र के अनुसार हमलावरों ने अवैध असलहे के बट से मार कर उसको लहूलुहान करके जेब से जबरन पांच हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घायल युवक को सीएचसी लाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने उपरोक्त लोगों के खिलाफ लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल केके राणा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।