मोतीगंज (गोंडा)। अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में इलाज कराया गया। एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
शुक्रवार की देर रात दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग पर नेवादा कहौबा के पास शुक्रवार की देर रात बाइक सवार मनीष कुमार (23) निवासी मोफिया काजीदेवर थाना मोतीगंज को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि बाइक की पिछली सीट पर बैठा शिवपूजन (27) निवासी खुटेहना थाना मोतीगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका काजीदेवर सीएचसी में इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेेजा गया है। दूसरी घटना में कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी शिक्षक रत्नेश कुमार शुक्ला उर्फ रिंकू(30) शनिवार को विद्यालय में छुट्टी होने के बाद बाइक से अपने घर वापस जा रहा था। रास्ते में झिलाही बाजार के पास एक खड़ी कार के दरवाजे को किसी ने अचानक खोल दिया। जिसमे रिंकू की बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे सीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं करोहामान मछली गांव निवासी विशाल(17) बाइक से अपने मित्र सुनील कुमार को स्टेशन छोड़ने जा रहा था। इसी बीच मऊ गांव स्थित पीएनबी बैंक के पास सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे विशाल व सुनील(20) घायल हो गए। दोनों को सीएचसी मनकापुर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक रवीश ने बताया कि विशाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।