युवक की मौत के बाद शोकाकुल परिजन।
खरगूपुर। पिटाई से घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
परसौरा महेशपुर के मजरे परसौरा निवासी मनोज कुमार शुक्ल (38) रविवार को भवनियापुर जा रहे थे। आरोप है कि माथेडीहा गांव के पास सरकारी नलकूप पर दिलीप, राजेश और संदीप ने तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां हिन्द अस्पताल में बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार को शव घर पहुंचने पर परिजन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए। प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है।