परसपुर। दिल्ली में सड़क हादसे में घायल 21 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को उसका शव पैतृक गांव नरायनपुर जयसिंह डीहा पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे का शव देखते ही माता-पिता बदहवास हो गए। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की खुशियां मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
गांव के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि दुर्गेश सिंह और मृतक के चचेरे भाई अर्जुन वर्मा ने बताया कि मुकेश वर्मा (21) दिल्ली की एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। रविवार को वह बाइक से करोलबाग में सामान की डिलीवरी देने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक स्कूटी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मुकेश सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मार्च में होनी थी शादी
परिजनों ने बताया कि मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई संदीप और कुलदीप हैं। परिवार में एक बहन फूलकुमारी भी है। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। मुकेश की शादी मार्च में तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। मुकेश के पिता लालचंद वर्मा गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजने का इंतजार था, उसी का शव घर पहुंचने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।