मनकापुर (गोंडा)। क्षेत्र के टिकरी जंगल स्थित समय माता स्थान के पास ट्रक की चपेट में आने से सोमवार की सुबह बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार कर गंभीर दशा में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
जनपद बलरामपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के सोनार गांव निवासी लक्ष्मीकांत मिश्रा(19) पुत्र जानकी कांत मिश्रा अपने साथी अभिषेक कुमार मिश्रा(17) पुत्र देवकीनंदन निवासी ग्राम डुबकापुर थाना पखरपुर जनपद बहराइच के साथ बाइक से अयोध्या से अपने घर सोनार गांव बलरामपुर जा रहा था। नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर टिकरी जंगल स्थित समय माता स्थान के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार लक्ष्मीकांत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक सवार साथी अभिषेक मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी लाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची मनकापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और ट्रक को कोतवाली ले आई। मृतक लक्ष्मीकांत के पिता जानकी कांत मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।