फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: सड़क हादसे में युवक की मौत, वृद्ध घायल

Fri, 06 Sep 2024 11:47 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
राजन सिंह की फाइल फोटो
विज्ञापन
गोंडा। अयोध्या-गोंडा मार्ग पर जमादार पुरवा के पास शुक्रवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक की पिछली सीट पर बैठे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले में युवक की मां ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन

क्षेत्र के पुरवा भगोहर गांव निवासी राजबहादुर सिंह ने बताया कि उनका बेटा राजन सिंह (22) तेलंगाना के हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। हरितालिका तीज पर घर में आयोजित कार्यक्रम में 04 सितंबर को वह हैदराबाद से घर आया था। शुक्रवार दोपहर खरीदारी करने के लिए बाइक से बाजार जा रहा था। तभी गांव के ही रहने वाले सूबेदार (70) भी पैदल बाजार जाते दिखे तो राजन ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया। वह दोनों आयोध्या-गोंडा मार्ग पर कस्बा स्थित पंप पर पेट्रोल डलवाने के बाद जमादार पुरवा के पास पहुंचे थे। तभी अयोध्या की ओर जा रहे ट्रक ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने राजन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूबेदार का प्राथमिक उपचार करने के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने ट्रक समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि राजन सिंह ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। राजन की मां प्रेमा देवी की तहरीर पर ट्रक चालक अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र के औसानी निवासी रामजीत यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन

राजन छह बहनों में इकलौता भाई था। चार बहन शोभा देवी, मनीषा, करिश्मा व मुस्कान की शादी हो चुकी है, जबकि सुमन (16) व अमीषा (9) अभी पढ़ाई कर रही हैं। बेटे राजन की मौत से मां प्रेमा देवी बदहवास हो गईं, रह-रहकर एक ही सवाल कर रही थीं, हे ईश्वर किस अपराध की सजा मिली है, अब किसके सहारे जिएंगे। राजन की मौत से बहनों भी बिलख रही हैं। परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें