गोंडा। मनकापुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ रीजन से प्रवेश परीक्षा की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। कक्षा छह में प्रवेश के लिए 16 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि है। दाखिले के लिए परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा पांच के बच्चे बढ़-चढ़कर आवेदन कर प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। बीएसए ने शिक्षा क्षेत्र वार 10,945 विद्यार्थियों के आवेदन का लक्ष्य तय किया है।
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा पांच पास कर छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। गत वर्ष के मुकाबले इस बार 10 प्रतिशत अधिक आवेदन का लक्ष्य रखा गया। 17 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया चल रही। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) हरिगोविंद यादव ने बताया कि चार सितंबर तक महज 564 बच्चों का ही आवेदन हो सका है। परीक्षा में अधिक से अधिक बच्चे शामिल हो सकें, इसके लिए बीएसए स्तर से सभी खंड शिक्षाधिकारियों के अलावा प्रधानाध्यापकों को आवेदन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। प्रत्येक ब्लॉक से न्यूनतम 500-500 बच्चों को शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। वहीं हर विद्यालय से 5-5 बच्चों के फाॅर्म भराए जाएंगे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत बच्चों को प्रत्येक माह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसमें कक्षा आठ में पढ़ाई कर रहे बच्चे शामिल हो सकते हैं। नवंबर में महीने परीक्षा कराई जाएगी। इसमें गणित, रिजनिंग, हिंदी समेत अहम विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। पिछली बार जिले के 251 बच्चे सफल हुए थे। वहीं 254 बच्चों का चयन किया जाएगा। छपिया शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चटकनवा में सबसे अधिक 18 बच्चे सफल घोषित किए गए थे।
बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों व प्रधानाध्यापकों को नवोदय प्रवेश परीक्षा में शामिल कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। बच्चों को उनकी योग्यतानुसार योजना का लाभ मिल सकेगा।