करनैलगंज। करनैलगंज-परसपुर मार्ग पर नचनी स्थित ब्रह्मचारी स्थान के पास बृहस्पतिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। शहर के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बस्ती जिले के दुबौलिया के कुदरही विशेश्वरगंज निवासी अमित सिंह (22) लखनऊ में रहकर एक कंपनी में नौकरी करते थे। वह करनैलगंज के कंजेमऊ स्थित बहन के घर आए थे। यहां से बृहस्पतिवार की देर शाम किसी काम से बाइक से बाजार जा रहे थे। परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर नचनी स्थित ब्रह्मचारी स्थान के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार से उनकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
अमित को सीएचसी करनैलगंज लाया गया, जहां चिकित्साधिकारी अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल दूसरे बाइक सवार का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाया था। इसी कारण सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। कंजेमऊ के समीप सरयू नदी के तट पर पिता राम शंकर ने बेटे को मुखाग्नि दी। (संवाद)