डुमरियाडीह। वजीरगंज-झिलाही मार्ग पर जमलापुर के पास रविवार देर शाम दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि सचिन चौहान (20) निवासी नगवा कल्याणपुर थाना नवाबगंज रिश्तेदारी में व्यासकुआं रेहरा बाजार बलरामपुर गया था। वह अपनी बड़ी बहन मालती पत्नी ननकन निवासी सहिबापुर वजीरगंज के साथ घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। मालती को गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर बैठीं शीला पत्नी गुडमैन निवासी बेइलिया वजीरगंज भी घायल हो गईं मगर दूसरी बाइक चला रहा युवक भाग निकला। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ सचिन हेलमेट नहीं पहने था। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई है। (संवाद)