परसपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र के मोहना गांव निवासी नूर मोहम्मद (22) ने सोमवार सुबह घर के एक कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक ससुराल से आई कॉल पर बात करने के बाद उसने खुदकुशी की है। पुलिस जांच में जुटी है। गांव निवासी जुबेर खान ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे उनके बेटे नूर मोहम्मद (22) के मोबाइल पर ससुराल से फोन आया। इसके बाद बात करते हुए वह अपने कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। आवाज लगाने पर जब वह नहीं बोला तो दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में नूर फंदे से लटका मिला। उनकी मौत हो चुकी थी।
जुबेर के मुताबिक नूर मोहम्मद की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व हुई थी। एक साल तक सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद बहू ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में पति, ससुर, सास व ननद के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। कई बार महिला थाने में जाकर अपनी बात रखनी पड़ी। इसके बाद भी बहू मायके में ही रह रही थी। रविवार रात व सोमवार सुबह नूर मोहम्मद के मोबाइल पर उसकी ससुराल से कॉल आई थी। बात करने के बाद से वह तनाव में था। जुबेर के मुताबिक नूर मोहम्मद को शाम की ट्रेन से पत्नी के साथ मुंबई जाना था, इससे पहले ही उसने खुदकुशी कर ली। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे नूर मोहम्मद
पिता जुबेर ने बताया कि चार बेटों में नूर मोहम्मद दूसरे नंबर पर था। बड़ा बेटा नूर आलम (23) व तीसरे नंबर का बेटा साहबे आलम (17) मुंबई में रहते हैं। सबसे छोटा जीलानी (7) घर में रहता है।