डुमरियाडीह (गोंडा)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर घाट गांव में शनिवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दुर्जनपुर घाट के चाचा पुरवा निवासी आजाद सिंह (38) करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गांव की एक युवती को अपने साथ लेकर चले गए थे। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया और नवाबगंज क्षेत्र में रहकर जीवनयापन कर रहे थे। शनिवार को वह किसी पारिवारिक कार्य से अपने पैतृक गांव आए हुए थे।
बताया जाता है कि देर रात गांव में ही एक युवक से उनका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी बढ़ने के बाद युवक ने धारदार हथियार से आजाद सिंह के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल आजाद सिंह को परिजन और ग्रामीण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना फैलते ही गांव में भारी भीड़ एकत्र हो गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का मानना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और युवती को लेकर चला आ रहा विवाद प्रमुख कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा संदिग्ध युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक विपुल पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया था। तहरीर प्राप्त होने पर एफआईआर दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।