गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी संजय गौतम ने पूछताछ में बताया कि छेड़छाड़ का विरोध और शिकायत की आशंका के चलते उसने युवती की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस दूसरे नामजद आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बृहस्पतिवार सुबह शौच के लिए निकली युवती का शव गांव के बाहर गड्ढे में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर माधवपुर चकत्ता निवासी संजय गौतम और देहात कोतवाली क्षेत्र के लोनियनपुरवा भुलभुलिया निवासी राजेश चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पोर्टरगंज क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए आरोपी संजय ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह खेत गया था। कुछ देर बाद युवती भी वहां पहुंची। उसने युवती से छेड़छाड़ की, जिस पर युवती ने घर जाकर शिकायत करने की बात कही। पकड़े जाने के डर से उसने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। एएसपी (पूर्वी) अजीत कुमार रजक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजय गौतम को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी राजेश चौहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
मड़हे में बाइक और मोबाइल बंद मिलने से गहराया था शक
हत्या की जांच के दौरान युवती की भाभी ने पुलिस को बताया कि संजय काफी समय से उसकी ननद का पीछा कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान संजय की बाइक घर से करीब 100 मीटर दूर एक मड़हे में खड़ी मिली। उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसी आधार पर पुलिस का संदेह और गहरा गया। सर्विलांस के जरिये उसकी लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।