टिकरी/नवाबगंज। ई रिक्शा चालक संगम लाल शुक्ल की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। वारदात की रात संगम लाल के साथ रहे एक युवक की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। इसके लिए टीमों को लगाया गया है।
उमरिया गांव के मजरा पंडित पुरवा निवासी ई रिक्शा चालक की 26 अगस्त की रात गांव के बाहर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। संगमलाल के बड़े भाई सत्यनारायण शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
संगम लाल का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बता रहा था। पुलिस ने संगम का काॅल डिटेल रिकाॅर्ड (सीडीआर) निकाला तो उनकी लोकेशन मंगलवार रात 12:47 तक अयोध्या के पुराने पुल पर मिली। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इसी आधार पर पुलिस टीम अयोध्या पहुंची। करीब 20 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए।
पुलिस टीम ने अयोध्या पोस्ट ऑफिस के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें ई रिक्शे पर संगम के साथ अगली सीट पर एक युवक बैठा नजर आया। इसके बाद पुलिस टीम ने अयोध्या के लता मंगेश्कर चौराहे के पास चाय की दुकानों पर फुटेज दिखाकर पूछताछ की तो चाय की दुकान चलाने वाली एक युवती ने बताया कि दोनों रात करीब 1़:30 बजे तक उसकी दुकान पर आए थे, दोनों ने चाय भी पी थी।
इसके बाद ई रिक्शा खड़ा करके चौराहे के पास ही घूमते रहे। ई रिक्शा चालक के संग आया युवक शराब के नशे में था। उसके मुंह से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने युवक की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज से हत्या से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
अयोध्या के सरयू घाट पर भाई ने दी मुखाग्नि
ई रिक्शा चालक संगमलाल का बुधवार देर शाम अयोध्या के सरयू तट पर पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े भाई सत्यनारायण शुक्ल ने उन्हें मुखाग्नि दी।