तरबगंज (गोंडा)। विशुनपुर पोखरे के पास रविवार की देर शाम एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या के मोटिव की पड़ताल कर रही है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के सिंगहा भोज निवासी पुष्पेंद्र पांडेय उर्फ सुनील पांडेय (25) पुत्र सोमनाथ पांडेय गुजराम प्रांत के सूरत में रहकर रोजगार करता है। कोराना माहमारी को लेकर हुए लॉकडाउन में वह घर चला आया था। रविवार की शाम वह अपनी मां लीलावती का इलाज कराने के लिए बाइक से संग लेकर सिंगहाचंदा चौराहे के पास गया था। वहां मां का इलाज कराने के बाद उसे निजी चिकित्सक के यहां छोड़कर सूरत के लिए ई-टिकट बुक कराने को कहकर चला गया। इसी बीच सिंगहाभोज-सिंगहाचंदा संपर्क मार्ग पर बदमाशों ने उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
ग्रामीणों ने पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुुमार, थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव मौके पर पहुंचे और सुनील की मां लीलावती व गांव वालों से जानकारी ली। सुनील की मां ने बेटे की हत्या का आरोप चौबेपुर के रहने वाले एक रिश्तेदार पर लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस हत्या के मोटिव की तलाश में जुटी है। पुलिस ने सुनील की मां से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापा मार रही है। थानाध्यक्ष तरबगंज इंद्रजीत यादव ने बताया कि हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।