गोंडा। कोरोना का प्रकोप भले ही कम हो गया है मगर जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। जिले में एक युवक को कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिसे घर में ही क्वारंटीन करके इलाज किया जा रहा है।
दिल्ली में कमाने गया युवक लौटा तो वह सर्दी-जुकाम आदि से ग्रसित था। ठीक नहीं होने पर अस्पताल पहुंचा तो कोरोना की जांच की गई। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिला संक्रामक रोग अधिकारी वीके गुप्ता ने बताया कि 45 वर्षीय युवक झंझरी क्षेत्र का निवासी है, जो कि दिल्ली में श्रमिक के रूप में कार्यरत है। उसे घर में क्वारंटीन किया गया है। फोन के माध्यम से दवाएं व उचित सलाह दी जा रही है। मरीज को घर में अन्य परिजनों से अलग रहने को कहा गया है।
कोरोना से बचाव के लिए बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच रेलवे स्टेशन पर ही नियमित रूप से की जा रही है। संक्रामक रोग अधिकारी वीके गुप्ता ने बताया कि मुंबई व दिल्ली आदि महानगरों से आने वाले लोगों में संक्रमण की संभावना ज्यादा है। वहीं, जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर के पास भी जांच की व्यवस्था की गई है। जिसमें नियमित रूप से करीब 200 लोगों की जांच हो रही है।
कोरोना से बचाव के लिए कोविड टीकाकरण का काम फिलहाल ठप है। जिला अस्पताल व स्वास्थ्य विभाग के पास कोविड का टीका उपलब्ध नहीं है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब कोविड को सामान्य बीमारी मान लिया गया है। जिसके चलते टीकाकरण रोक दिया गया है।