नवाबगंज। तरबगंज-नवाबगंज मार्ग पर बल्लीपुर गांव के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
सिरसा गांव के सती पुरवा निवासी बोधे ने बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र कुलदीप अपने साथियों प्रमोद और विंदर के साथ शनिवार रात दुर्जनपुर घाट से बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे बल्लीपुर गांव के पास सामने से आ रहे किसी वाहन से बाइक में जोरदार टक्कर लग गई। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद और विंदर को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि कुलदीप ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कुलदीप दो बहनों, बड़ी राजकुमारी और छोटी अलका का इकलौता भाई था। वह अविवाहित था। उसकी मौत से मां श्रीमती और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।