इटियाथोक-बाबागंज मार्ग पर लेंस लेकर सड़क ढूंढ़ते छात्र पंचायत के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
इटियाथोक (गोंडा)। सड़क की बदहाली को लेकर आंदोलित छात्र पंचायत के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। आवर्धक लेंस लेकर सड़क की तलाश शुरू की। यही नहीं, सड़क ढूंढने वाले को 1100 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई।
छात्र पंचायत के पदाधिकारी मंगलवार को इटियाथोक-बाबागंज मार्ग पर मोहनपुर असधा गांव के पास आवर्धक लेंस से पानी में सड़क खोजते नजर आए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने कहा कि करीब 20 किलोमीटर लंबी यह सड़क गायब हो गई है। हम लोगों ने कड़ी मेहनत से इसे ढूंढा, लेकिन सफलता नहीं मिली। यदि किसी व्यक्ति को यह सड़क मिलती है तो छात्र पंचायत उसे 1100 रुपये पुरस्कार देगा। बरसात के चलते इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढों में कीचड़ व गंदा पानी भरा है। इस रास्ते से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों लोगों को समस्या हो रही है। सड़क क्षतिग्रस्त होने की वजह से वाहनों को भी नुकसान हो रहा है। बाइक सवार, राहगीर अक्सर गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। मगर जिम्मेदार बेफिक्र हैं। आंदोलन के बावजूद नींद तक नहीं टूट रही है। इस अवसर पर अभिषेक वर्मा, उमेश यादव, उमंग मिश्र, रंजीत पांडेय, राजेश मौर्य, शुभम आदि मौजूद रहे।