गोंडा। छठ महापर्व रविवार को जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं ने सुबह से ही निर्जला उपवास रखा। घरों में दिनभर पूजन की तैयारियां होती रहीं। शाम होते ही महिलाएं बांस की टोकरी में पूजन सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना हुईं।
खैरा भवानी मंदिर पहुंचीं महिलाओं ने 'सुन ली अरजिया हमार, हे छठी मइया...' जैसे पारंपरिक गीत गाते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के सुखमय जीवन की कामना की। छठ पूजा को लेकर करनैलगंज, छपिया, बभनान, तरबगंज, नवाबगंज और इटियाथोक समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा।
घाटों पर समूह में पहुंचीं महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। छठी मइया को गन्ना, फल, फूल और मिष्ठान आदि अर्पित कर संतान की लंबी उम्र और परिवार के सदस्यों के आरोग्य की कामना की। निर्जला व्रत के बावजूद महिलाओं के चेहरों पर श्रद्धा और उत्साह दिखाई दिया। कई परिवारों में पुरुषों ने भी व्रत रखा।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं घर पहुंचीं और आंगन में बनाई गई चौकी पर गन्ना रखकर दीप जलाया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घरों में देर रात तक छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और माहौल भक्तिमय बना रहा। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय व्रत का समापन होगा।
करनैलगंज संवाद के अनुसार, विधायक अजय सिंह घाट पर पहुंचे और व्रतियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। तरबगंज संवाद के अनुसार, पथार गांव स्थित अमृत सरोवर पर विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने फीता काटकर पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छठ पूजा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नदियों और पोखरों पर पुलिस के साथ जल पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।
गोंडा के छपिया स्थित नारायण सरोवर में पूजन करतीं महिलाएं।
गोंडा के छपिया स्थित नारायण सरोवर में पूजन करतीं महिलाएं।
गोंडा के छपिया स्थित नारायण सरोवर में पूजन करतीं महिलाएं।
गोंडा के छपिया स्थित नारायण सरोवर में पूजन करतीं महिलाएं।
गोंडा के छपिया स्थित नारायण सरोवर में पूजन करतीं महिलाएं।