गोंडा। बारिश में संभावित बाढ़ को देखते हुए बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक कार्यों की निगरानी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता जय सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ एल्गिन ब्रिज एवं सकरौर-भिखारीपुर बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। एक्सईन ने एल्गिन बांध के शीर्ष पर कराए जा रहे खड़ंजा निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण किया। इसके साथ ही ग्राम बहुवन मदार माझा में बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षा के लिए नए स्पर निर्माण कार्य का शुभारंभ भी कराया गया।
इसके बाद विभागीय टीम ने सकरौर-भिखारीपुर बांध का भी निरीक्षण किया, जहां सभी आवश्यक कटाव निरोधक कार्य प्रारंभ अवस्था में पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि बांधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और सभी कार्यों को 15 जून से पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता पंकज कुमार आर्य, सहायक अभियंता वर्तिका गौड़ एवं संबंधित अवर अभियंता उपस्थित रहे।