गोंडा में खरगूपुर के देवरिया खाम ईश्वदीन पुरवा में आयोजित कुश्ती दंगल में एक दूसरे को पटखनी देते
- फोटो : GONDA
गोंडा। क्षेत्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व नेपाल सहित सात प्रान्तों के पहलवानों ने भाग लिया।
खरगूपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरिया खाम के मजरा ईश्वरदीन पुरवा में दो दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें प्रथम कुश्ती विजय पहलवान खरगूपुर व अंकित पहलवान लखीमपुर के बीच हुआ।
दोनों पहलवानों का हाथ मिलवाकर बजरंग दल के विभाग संयोजक धर्मेंद्र कुमार मिश्र ने कुश्ती शुरू करायी। दोनों पहलवानों की कुश्ती बराबर रही। कुश्ती गुरु चरन दास पहलवान अयोध्या व विनोद पहलवान बिहार के बीच महा मुकाबला हुआ। जिसमें गुरु चरन दास ने चित करके जीत हासिल की।
जीते हुए पहलवान को कमेटी की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम दिया गया। इसी प्रकार तृतीय कुश्ती में रवि पहलवान भोलाजोत को करिया पहलवान बिहार ने पटक दिया और 15 सौ इनाम प्राप्त किया। चौथी कुश्ती में उमाशंकर पहलवान पयागपुर ने कल्लू पहलवान बिहार को हराकर जीत हासिल की।
पांचवी कुश्ती ठाकुर परमिंदर सिंह रेलवे पुलिस कर्मी कुरुक्षेत्र व मंजीत पहलवान दिल्ली के बीच हुआ। जिनका हाथ अमित अवस्थी ने मिलवाकर शुरू करायी। जिसमें दोनों पहलवानों की कुश्ती बराबर की रही।
दोनों पहलवानों को 11-11 हजार इनाम दिया। दंगल अध्यक्ष संतोष शुक्ल ने बताया कि सभी जीते हुए व दूसरे नम्बर पर रहे पहलवानों को उचित इनाम दिया गया। उक्त दंगल कार्यक्रम में पहलवान केदार बाबा, सत्य नारायण निवर्तमान प्रधान, कुलदीप शुक्ल, संजय शुक्ल, मुकुट विहारी चौबे, दिनेश शुक्ल, गिरधारी शुक्ल, पारस विश्वकर्मा, ओम प्रकाश सहित सैकड़ों दर्शक रहे।