शारदीय नवरात्र के उल्लास ने सबको भक्ति के रंग में रंग दिया है। गांव हो या बाजार, हर तरफ मइया की जय जयकार हो रही है। रविवार को आदि शक्ति के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा कर भक्तों ने मनौतियां मानीं। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की देवी मंदिरों में भीड़ जुटी रही।
दिन भर व्रत, अनुष्ठान रखने के बाद श्रद्धालुओं ने मां की आराधना करते हुए परिवार व रिश्तेदारों की कुशल मंगल की कामना की। कालीभवानी, बाराही देवी, खैराभवानी, मंशा देवी, मेहनौन देवी, मंगुरौल देवी, श्रीनगर स्थित तिलकी माई थान सहित अन्य देवी पूजन स्थलों पर दिन भर मेला लगा रहा।
श्रद्धालुओं ने कथा सुनी व हवन किया और ब्राह्मणों, संतों तथा कन्याओं को दान दिया। उधर, गांव गली से लेकर शहर के नुक्कड़ों व चौराहों पर हर तरफ नवरात्र की धूम मची हुई है।
जगह-जगह लगे पूजन पंडालों में देवी प्रतिमाएं रखी गई हैं, जहां दिन भर मंगलपाठ, स्तुति, भजन, कीर्तन की गूंज रहती है। रात को जागरण व कीर्तन का पाठ होता है और धार्मिक फिल्में भी दिखाई जाती हैं।
उधर, बाजारों में भी पूजन सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। मां को ओढ़ाने के लिए चुनरियों से सजी दुकानों पर मां को प्रसन्न करने के लिए भक्त पूजन सामग्रियों को खरीदने के लिए उमड़ रहे हैँ।
जिधर देखो, उधर नवरात्र की धूम मची है। हर कोई भक्ति के रंग में रंगा देवी मां को खुश कर अपने परिवारीजनों व रिश्तेदारों के कल्याण की कामना कर रहा है।
जगह-जगह देवी प्रतिमाओं को रखकर भव्य झांकियां सजाई गई हैं। मनकापुर में तिरुपति समिति द्वारा भव्य मां की झांकी सजाई गई है।