मुजेहना क्षेत्र के 82 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) व तीन जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) पदों की मतगणना के लिए बीएचडी इंटर कॉलेज में एक दर्जन काउंटर बनाए गए थे। सोमवार को काउंटर नंबर दस पर रेतवागाड़ा व काउंटर ग्यारह पर रामपुर दुबावल की मतगणना होनी थी लेकिन वहां नियुक्त कर्मचारियों ने मतों की गिनती करने से इंकार कर दिया।
अजीज सिद्दीकी, रविंद्र कुमार, ओंकार, विनोद कुमार, जगदीश प्रसाद, मनोज कुमार, अशोक कुमार, विवेकानंद आदि कर्मचारियों का कहना था कि उनकी ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी उनसे काम लिया जा रहा है।
मानदेय सिर्फ एक दिन का दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर कर्मियों ने मतगणना रोक दी तो प्रत्याशियों व उनके एजेंट ने इसकी सूचना रिटर्निग अफसर को दी। करीब दो घंटे तक इंतजार के बाद प्रत्याशियों व एजेंटों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मतगणना स्थल पर हंगामा करना शुरू कर दिया।
मतदान स्थल परहंगामा होते देख रिटर्निग अफसर बीबी वर्मा मौके से खिसक गए। सूचना मिलने पर एसओसी रवींद्र कुमार सिंह व बीडीओ आनंद मिश्रा ने हंगामा शांत कराया। कर्मचारियों को समझाकर मतगणना शुरू कराई। तब जाकर प्रदर्शनकारी किसी तरह माने।