गोंडा। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन राज्य कमेटी के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन, रेलवे ठेका मजदूर यूनियन, यूपीएमएसआरए, आशा कर्मचारी यूनियन, मिड डे मील रसोइया कर्मचारी यूनियन, भवन निर्माण मजदूर सभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल अनुभव वर्मा को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदेश में न्यूनतम वेतन सलाहकार बोर्ड का गठन कर सेल्स प्रमोशन एम्प्लॉयज के लिए बोर्ड में ही उप समिति का गठन करने, सभी श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन, काम के घंटे आठ घंटे प्रतिदिन, न्यूनतम वेतन 26000 प्रतिमाह करने समेत अन्य मांगें की गईं। इस मौके पर सीआईटीयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कौशलेंद्र पांडेय, मीनाक्षी खरे, रानी देवी पाल, सरोज देवी, पवन, संतोष शुक्ल, अमित शुक्ल आदि मौजूद रहे।
धरना देकर उठाई कार्रवाई की मांग
गोंडा। भीम आर्मी भारत एकता मिशन की ओर से मंगलवार को जिला पंचायत टिनशेड में धरना दिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा, बेलसर निवासी सीता देवी को जमीन विवाद में दबंगों ने पीटा। बचाने आए उनके बेटे अमित की भी पिटाई की। पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिला संयोजक शिवम, मंडल सचिव पप्पू खान सहित अन्य मौजूद रहे।