खोड़ारे (गोंडा)। खोडारे थाना क्षेत्र के हरखूपुर गांव में सोमवार को दहेज के लिए एक विवाहिता को पीट-पीटकर मार डालने का मामला प्रकाश में आया है। विवाहिता की मां का आरोप है कि दामाद, उसके माता-पिता ने मिलकर दहेज के लिए पीटकर मार डाला। साक्ष्य मिटाने के लिऐ शव भी जला दिया। पुलिस ने पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
बस्ती जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के भरौली बाबू निवासी अंबिका की पुत्री पुनीता की शादी हरखूपुर गोंडा के बब्बू पुत्र राम पाल से हुई। पुनीता की मां अरुंधति ने तहरीर में बताया कि अपनी मर्जी से दोनों ने विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल के लोग दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि 28/29 जून की रात पति बब्बू, ससुर रामपाल व उनके भाई राम सागर, रामपाल की पत्नी व उनकी बेटी ने पुनीता की पीटकर हत्या कर दी।
घटना से पहले लड़की ने फोन से इसके बारे में बताया भी था। मां के मुताबिक उसने बेटी को ससुराल में थोड़ा ऊंच-नीच बर्दाश्त कर गुजर-बसर करने के लिए समझाया था लेकिन ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मार डाला। इस संबंध में थानाध्यक्ष खोड़ारे संजय कुमार ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर दो आरोपी मृतका के पति बब्बू व ससुर रामपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।