परसपुर (गोंडा)। दो माह पहले घर से गांव के समीप लकड़ी बीनने गयी एक दलित महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला को सामूहिक दुष्कर्म के बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में दलित महिला ने थाना परसपुर में सामूहिक दुष्कर्म व धमकी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
थाना परसपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दलित महिला ने थाने में सोमवार की देर रात्रि दर्ज करायी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि दो माह पहले वह गांव के समीप लकड़ी बीनने गयी थी। वहां मौजूद चार व्यक्तियों में से तीन अल्ताब, तसलीम व ननके ने उसे दबोच लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म के बारे में किसी से बताने व कार्यवाही करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद वह 9 जून की शाम को पास के बाजार गयी थी। वहां से लौटते समय आरोपी रईस ने रास्ते में उसे दोबारा पकड़ लिया। जब उसने शोर मचाया तो जान से मारने की धमकी देते हुये भाग निकले। मामले में दलित महिला ने थाना परसपुर में अल्ताब, तस्लीम व ननके के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी, एससीएसटी एक्ट तथा रईस के खिलाफ धमकी व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी है। थानाध्यक्ष बीएन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।