पति से विवाद के बाद एक महिला ने दो मासूमों के साथ जहर खा लिया। आननफानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों की मौत हो गई। कोतवाल का कहना है कि मृतका का पति बस्ती जिला में प्राइवेट नौकरी करता है।
विवाहिता का मंगलवार को फोन पर उससे विवाद हुआ था। वहीं, विवाहिता के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जिसके कारण उसकी बहन ने बच्चों के साथ जहर खाकर जान दे दी।
बुधवार दोपहर रमवापुर कला गांव में तनवीर अहमद की पत्नी सईदा (28) चार वर्षीय बेटी फातिमा, एक वर्षीय बेटे बब्बू के साथ कमरे में बेसुध पाई गई। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सीएचसी उतरौला ले गए।
अस्पताल में बब्बू की मौत हो गई। सईदा तथा फातिमा को डॉक्टर ने इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में मां-बेटी की भी मौत हो गई। उतरौला कोतवाल आरके सिंह यादव ने बताया कि विवाहिता ने गृह कलह से तंग होकर बच्चों के साथ जहर खाकर जान दी है।
महिला का पति तनवीर अहमद बस्ती स्थित रुधौली बाजार में एक गैराज में नौकरी करता है। मंगलवार को मृतका का पति के साथ फोन पर विवाद हुआ था। आशंका है कि विवाद से नाराज होकर मृतका ने कमरा बंद कर पहले बच्चों को जहर दिया और फिर खुद जहर खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
कोतवाल ने बताया कि मृतका के ससुर मोहम्मद रईश की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा। मामले की छानबीन की जा रही है।
मृतका के भाई ग्राम पिरैला माफी निवासी अबू सूफियान का आरोप है कि उसने बहन की शादी छह वर्ष पूर्व की थी। दहेज में कार तथा नकदी न देने के कारण ससुरालीजन बहन को प्रताड़ित करते थे। मृतका ने यह बात कई बार मायके वालों को बताई थी। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर ही सईदा ने बच्चों के साथ जहर खाकर जान दी है।