मसकनवा (गोंडा)। बेटे के जन्म देने के बाद पति की मौत हो गई तो आरती (30) का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। रविवार को मिर्जापुर गांव के दक्षिण तालाब में शव उतराता मिला है। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है। थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि आरती के पिता गंगाराम से पूछताछ में पता चला कि दिमागी हालत ठीक नहीं थी। परिजनों ने बताया कि आरती की छपिया के कोयरीपुर में दूसरी शादी हुई थी। इसके बाद एक बेटे को जन्म दिया। मगर कुछ दिनों में ही पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से आरती अवसाद में चली गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के बाद मृतका के बेटे प्रिंस, पिता गंगाराम, मां गुड़िया, भाई जगराम व आशाराम का रो-रोकर बुरा हाल रहा है।