गोंडा। सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर से एक युवती लापता हो गई। काफी तलाशने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
हिंसा पीड़ित महिलाओं व किशोरियों को एक ही छत के नीचे सहायता दिलाने के उद्देश्य से बनाए गए वन स्टॉप सेंटर से बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेंटर पर बयान दर्ज कराने के लिए संरक्षित की गई खुशबू चौहान (20) शुक्रवार सुबह लापता हो गई और वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी।
वजीरगंज के परसिया माफी पुरवा निवासी श्याम बाबू ने पिछले दिनों रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया था कि उसके भाई ओमप्रकाश की पत्नी खुशबू लापता हो गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। 21 जून को पुलिस ने खुशबू को ढूंढ निकाला और बयान दर्ज कराने के लिए वन स्टॉप सेंटर में तैनात कांस्टेबल सरिता व दीपा राना के सुपुर्द किया था। शुक्रवार सुबह खुशबू वन स्टॉप सेंटर से लापता हो गई। एएसपी शिवराज ने बताया कि कि खुशबू की तलाशी जारी है। पुलिस टीमें जल्द ही उसे खोज निकालेंगी।