परसपुर (गोंडा)। मोबाइल नेटवर्किंग कंपनी का ऑपरेटर बनकर एक जालसाज ने फोन कर एक महिला को 25 लाख रुपये इनाम निकलने का झांसा देकर 15 लाख रुपये ठग लिए। लालच में आकर महिला ने जालसाज के बताए विभिन्न खाता नंबरों में 15 लाख 80 हजार रुपये जमा कर दिए। महिला से जालसाज अब और रुपयों की मांग कर रहा है। महिला के पति ने थाना परसपुर में अज्ञात के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम पूरे लाली निवासी विजयकुमार सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी पत्नी निर्मला के मोबाइल पर दो नंबरों से अलग-अलग समय में एक काल आई। काल करने वाले ने एक नेटवर्किंग कंपनी का ऑपरेटर बनकर विजय की पत्नी को बताया कि उनका 25 लाख रुपये का इनाम निकला है।
विजय के मुताबिक काल करने वाले ने उसकी पत्नी को एक खाता नंबर भी बताते हुए उसमें 26 हजार रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद विजय की पत्नी ने बताए गए खाते में 26 हजार रुपये जमा कर दिए। इस तरह विजय की पत्नी को इनाम का लालच देकर 15 लाख 80 हजार रुपये कई खातों में जमा करवा लिया। विजय ने बताया कि अब भी कॉल करके उसकी पत्नी से और रुपयों की मांग की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक रामअवतार सिंह यादव ने बताया कि विजयकुमार सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।