गोंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जन्मी बच्ची। - स्रोत: विभाग
गोंडा। बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में किलकारी गूंजी है। नई दिल्ली से बिहार जा रही महिला यात्री ने शुक्रवार भोर गोंडा रेलवे स्टेशन पर बच्ची को जन्म दिया। उपचार के बाद दोनों को इसी ट्रेन से भेज दिया गया।
बिहार के समस्तीपुर निवासी संतराम पत्नी राजकुमारी व परिवार के अन्य लोगों के साथ बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के तिलकनगर से बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन से पैतृक गांव जा रहे थे। ट्रेन बाराबंकी के पास पहुंची तो राजकुमारी को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी सूचना कंट्रोल को दी गई। जानकारी मिलते ही आरपीएफ और रेलवे अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके मिश्र के नेतृत्व में टीम प्लेटफार्म पर पहुंच गई। शुक्रवार भोर करीब 04:00 बजे ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मेडिकल टीम ने उपचार शुरू किया। राजकुमार ने बेटी को जन्म दिया। इस दौरान ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। डॉ. एके मिश्र ने बताया कि जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। दोनों को इसी ट्रेन से रवाना कर दिया गया है