दीपावली में कुएं की जगत पर दीपक रखने गई एक महिला पैर फिसलने से कुएं में गिर गई। परिवारीजनों तथा ग्रामीणों ने जब तक महिला को बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकटिहवा के मजरा ओड़ाझार खुर्द निवासी बौरे वर्मा ने बताया कि गुरुवार की शाम उनकी पत्नी चिनकी (35) घर के बाहर स्थित कुएं की जगत पर छोटी दिवाली का दीपक रखने गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण चिनकी कुएं में गिर गई।
परिवारीजनों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया तथा चिनकी को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चिनकी को करीब एक घंटे के बाद कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष तुलसीपुर भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में न तो काई जानकारी है और न ही किसी ने तहरीर दी है।