बालपुर (गोंडा)। सिविल लाइंस में आईटीआई रोड स्थित आशा देव मेमोरियल सर्जिकल एंड मैटरनिटी हॉस्पिटल में रविवार को महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
कटरा बाजार के अशोकपुर बंजरिया निवासी इंद्र कुमार मिश्र ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया कि उनकी पत्नी गीता को पेट में दर्द की समस्या होने पर बीते तीन जून को दोपहर एक बजे आशा देव मेमोरियल सर्जिकल एंड मैटरनिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल के संचालक डॉ. देवेंद्र मोहन शुक्ल ने बताया कि बच्चेदानी में संक्रमण है, ऑपरेशन करना पड़ेगा। रात 10 बजे ऑपरेशन किया गया। पांच दिन तक राहत न मिलने पर डॉक्टर ने दोबारा ऑपरेशन करने की बात कही। बीते नौ जून को दूसरी बार ऑपरेशन करने के लिए 27 टांके खोले गए। इसके बाद शनिवार को फिर से रक्तस्राव होने लगा तो गीता को आईसीयू में भर्ती किया गया। रात में गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इंद्र कुमार ने बताया कि रविवार सुबह गीता को लखनऊ ले जाना था, लेकिन भोर पांच बजे ही उनका निधन हो गया। इस पर परिवार के लोग भड़क गए और हंगामा करने लगे।
इंद्र कुमार ने बताया कि एक साल पहले भी गीता की बच्चेदानी का ऑपरेशन डॉ. देवेंद्र मोहन शुक्ल ने किया था। एक साल बाद बच्चेदानी में सूजन की समस्या हुई थी। लाखों रुपये खर्च कर तीन बार ऑपरेशन कराने के बावजूद पत्नी की मौत हो गई। इंद्र कुमार ने नगर कोतवाली में तहरीर देने के बाद डीएम, एसपी व सीएमओ से मुलाकात कर गुहार लगाने की बात कही है।
गंभीर थी हालत, रेफर के बावजूद नहीं ले गए परिजन
आशा देव मेमोरियल सर्जिकल एंड मैटरनिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. देवेंद्र मोहन शुक्ल का कहना है कि गीता मिश्रा के पेट में ब्लड भरा था। इसे हीमोपेरोटिनियम कहते हैं। ऑपरेशन के बाद सुधार न होने पर टांके खोलकर देखा गया। समस्या गंभीर होने पर बीते 13 जून को ही रेफर कर दिया गया था, लेकिन परिजन मरीज को लेकर गए ही नहीं। ऑपरेशन में कोई लापरवाही नहीं हुई है। सभी आरोप निराधार हैं।
शिकायत पर कराई जाएगी जांच
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि आज रविवार के अवकाश के कारण कार्यालय बंद है। अभी तक मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी का कहना है कि महिला मरीज की मौत के मामले में पति इंद्र कुमार मिश्र ने तहरीर दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।