करनैलगंज। कचनापुर के बसुहा निवासी राहुल सिंह बुधवार दोपहर सकरौरा चौराहा स्थित एटीएम बूथ से पैसा निकालने पहुंचे थे। नेटवर्क की समस्या के चलते ट्रांजेक्शन नहीं हो सका। तभी पीछे खड़े दो युवकों ने एटीएम का पिन देख लिया और फिर कार्ड छीनकर भाग गए। राहुल ने शोर मचाया, लेकिन मौके पर न तो सुरक्षाकर्मी पहुंचे और न ही आसपास मौजूद लोगों ने मदद की। इसके बाद वह तुरंत बैंक गए और कार्ड ब्लॉक कराने की कोशिश की, मगर कर्मचारियों ने लंच के बाद काम करने की बात कही। इसी बीच एटीएम छीनकर भागे युवकों ने शीशामऊ चौराहा स्थित एसबीआई के एटीएम से 20 हजार रुपये निकाल लिए। जो एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा रही है। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। (संवाद)