रगड़गंज (गोंडा)। घर के दरवाजे के पास खाना खा रहे किसान के ऊपर शनिवार रात को 440 वोल्ट का जर्जर बिजली का तार टूटकर गिर गया। बिजली की लाइन चालू होने के कारण युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब खेत का काम निपटाने के बाद किसान घर के बाहर भोजन कर रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के ग्राम जफरापुर की हैं। जहां शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे गरीब किसान युवक लल्ला पुत्र राम चंद्र खाना खा रहा था। युवक के दरवाजे के सामने से ही 440 वोल्ट का बिजली का तार करीब 30 साल पहले लगा था जो अब बहुत जर्जर हो चुका था। जर्जर बिजली तार अचानक से दग गया और तार चारपाई पर खाना खा रहे युवक पर गिर गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शुक्लगंज पावर हाउस पर दी, जिसके बाद बिजली कटी।
परिवारीजन आननफानन युवक को लेकर थाना उमरी बेगमगंज के सुभाष नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की बात कही। सीएचसी बेलसर ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच की जिसके बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही डायल 112 व एसओ रतन कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। रविवार सुबह मृतक के भाई राम किशुन ने उमरी बेगमगंज थाने में घटना की लिखित सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम राजेश कुमार के निर्देश पर राजस्व लेखपाल अनिल कुमार विश्वकर्मा ने मौके पर जांच की। लेखपाल ने बताया कि मृतक युवक किसान था जिसे कृषक दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाया जाएगा। घटना की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी गई है।
परिवारीजन का रो- रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक युवक की पत्नी रीता देवी, मां श्यामपती व अन्य परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल हैं। परिवार में युवक इकलौता कमाने वाला था। यह युवक मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। युवक के बचपन में ही पिता की भी मौत हो चुकी थी। युवक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया। एक चार साल का लड़का व एक दो साल की लड़की है। अभी पिछले माह ही मृतक युवक की पत्नी ने एक लड़की को जन्म भी दिया है।
बिजली के जर्जर तार से गई युवक की जान
गांव के पूर्व प्रधान गनी मोहम्मद, धर्मराज सिंह, दिनेश सिंह, विनय सिंह, राम किशुन, विजय कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बिजली विभाग के ऊपर लापरवाही का आरोप लगाया और मृतक युवक को मुआवजा देने की मांग की। कहा कि थाना उमरी बेगमगंज अंतर्गत ग्राम जफरापुर में 440 वोल्ट का तार काफी जर्जर हो चुका हैं। ग्रामीणों ने कई बार लाइनमैन व जेई से तार को बदलवाने की मांग की है। लेकिन इस मामले को विभाग ने गंभीरता से नहीं लिया और शनिवार रात अचानक से तार गिर गया जिसमें युवक की जान चली गई।