खरगूपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र खरगूपुर के पेड़ारे गड़वा गांव निवासी एक नवविवाहिता ने बेटी के जन्म के बाद से ससुराल में उत्पीड़न व प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस आरोपी पति, सास, ससुर और जेठानी पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता शांति देवी ने एसपी विनीत जायसवाल को दी तहरीर में बताया कि कि करीब दो साल पहले बलरामपुर के बड़की बिजुलिया गांव निवासी बब्बू से उसकी शादी हुई थी। एक वर्ष बाद पुत्री को जन्म देने के बाद से ससुराल के लोगों का व्यवहार उसके प्रति काफी बदल गया। सास सुखना, जेठानी पूजा, ससुर पन्नालाल व पति बब्बू उसे लगातार शारीरिक व मानसिक तौर पर पर प्रताड़ित कर उत्पीड़ित करते थे। आरोप लगाया कि मायके से दहेज के नाम पर 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, पल्सर बाइक लाने का दबाव भी बनाया जाता।
बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी जाती। छह महीने पहले पीड़िता की शिकायत पर बलरामपुर जिले के गौरा थाने में पुलिस ने ससुरालियों को बुलाकर समझौता भी कराया था लेकिन बाद में फिर उत्पीड़न शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, ससुर व जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।