गोंडा के मनकापुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत ट्रेन रुकने पर फोटो खींचते लोग।
मनकापुर (गोंडा)। प्रधानमंत्री शनिवार को अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में दो अमृत भारत ट्रेन व छह वंदे भारत ट्रेनों का हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अमृत भारत ट्रेन दरभंगा-अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल के शुभारंभ पर मनकापुर जंक्शन स्टेशन पर भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रमापति शास्त्री, अमर किशोर कश्यप, राकेश तिवारी, विनय शर्मा, चेयरमैन दुर्गेश कुमार सोनी सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह सहित कई ने दोपहर 1.10 बजे ट्रेन के पहुंचने पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडेय ने की।
रेलवे फाटक बंद होने से क्राॅसिंग पर फंसे रहे कमिश्नर तथा डीआईजी
नवाबगंज (गोंडा)। अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अयोध्या की सीमा अभेद्य सुरक्षा के घेरे में रही।
देवीपाटन मंडल के कमिश्नर व डीआईजी प्रधानमंत्री के आगमन पर जिले की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सरयू पुल की तरफ जा रहे थे। लेकिन अयोध्या में अमृत भारत ट्रेन के रवाना होने को लेकर सभी रेलवे क्राॅसिंग को बंद कर दिया गया था। नवाबगंज रेलवे फाटक बंद होने से दोनों अधिकारी किसुनदासपुर रेलवे फाटक की तरफ गए लेकिन भी बंद मिला। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय को रेलवे फाटक पर दोनों अधिकारियों के फंसे होने की सूचना मिली तो उन्होंने कटरा रेलवे स्टेशन पर फाटक खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन अमृत भारत ट्रेन गुजरने के बाद ही फाटक खुल सका।