नगर में बारिश के दौरान राहत कार्यों का निरीक्षण करतीं डीएम व शहर में बारिश से जगह-जगह हुआ जलभरा
गोंडा। घरों के सामने पानी, सड़कों पर जलभराव और बिजली-पानी को लेकर परेशानी... लगातार बारिश ने शनिवार को शहर से गांव तक लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। पटेलनगर, चौक, ईदगाह रोड, मेडिकल कॉलेज परिसर, छेदीपुरवा और आवास विकास कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में पानी भर गया। आवास विकास का बिजली उपकेंद्र भी चारों तरफ से पानी से घिर गया।
गांवों में नदियों का बढ़ता जलस्तर चिंता बढ़ा रहा है। कुआनो नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। सरयू का जलस्तर 12 घंटे में 32 सेंटीमीटर बढ़ा है। दो दिन में जिले में करीब 150 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले एक जून से 26 सितंबर तक कुल 832.4 मिमी बारिश हुई।
बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी शहर के निचले इलाकों में है। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत हाे रही है। कई जगह सड़क और नालियों का अंतर तक नजर नहीं आया। आवास विकास उपकेंद्र के चारों तरफ पानी भरने से बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता बनी रही।
डीएम ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
डीएम प्रियंका निरंजन ने शनिवार शाम बारिश से प्रभावित शहर के इलाकों का भ्रमण कर स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से जलभराव और जलनिकासी की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। सरयू, कुआनो समेत अन्य नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जुटी हैं।
ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेनें रद्द
तेज हवा और बारिश के कारण गोंडा-बहराइच रेलखंड पर बनगाई-गंगाधाम स्टेशन के बीच ट्रैक पर पेड़ गिर गया। इससे 15132 एक्सप्रेस को रद्द करना पड़ा। 75111 सवारी गाड़ी के भी रद्द होने की सूचना है। मोतीगंज-बरुआचक, गौर-टिनिच, मनकापुर-टिकरी और टिकरी-कटरा के बीच भी ट्रैक पर पेड़ गिरने की सूचना मिली। रेलकर्मियों ने पेड़ कटवाकर ट्रैक साफ कराया।
नगर में बारिश के दौरान राहत कार्यों का निरीक्षण करतीं डीएम व शहर में बारिश से जगह-जगह हुआ जलभरा
नगर में बारिश के दौरान राहत कार्यों का निरीक्षण करतीं डीएम व शहर में बारिश से जगह-जगह हुआ जलभरा