फोटो-25 गोंडा के ईदगाह रोड पर भरा पानी। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। लगातार जारी झमाझम से जिले में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। फिलहाल सरयू नदी खतरे के निशान से एक मीटर नीचे है लेकिन नेपाली इलाकों से आ रहे बारिश के पानी से नदी का पानी कभी भी उफान मार सकता है। दूसरी तरफ आफत बन कर बरसी झमाझम बारिश से जिले के शहरी व ग्रामीण इलाके भारी जलभराव की चपेट में रहे। जलभराव के प्रकोप से सभी जगह हाहाकार मची रही। शहर इलाकों में नालों के चोक होने से ठप हुई जलनिकासी के कारण खेतों व आवासीय इलाकों के साथ ही सरकारी और निजी कार्यालयों में भी पानी भर जाने से सामान्य काम काज भी पूरी तरह ठप रहे। अधिकांश जगह नालियों का गंदा पानी घरों में भी भर गया। जलभराव के कारण आवागमन ठप हो जाने से आम लोगों को घरों में कैद हो कर रहने को विवश होना पड़ा।
लगातार बारिश से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार की अगुवाई में अफसरों व कर्मचारियों की टीम जलभराव से लेकर बाधित बिजली सप्लाई की परेशानी से लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश में जुटी दिखी। डीएम ने लगातार जारी बारिश के कारण बिगड़े हालात से निपटने के लिए घरों में ही रह कर पूरी सतर्कता बरतने की अपील भी की। बच्चों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर इंटर तक की सभी शिक्षण संस्थाओं में भी गुरुवार को अवकाश घोषित रहा। बीते 36 घंटे से हुई बारिश ने शहर की सूरत ही बदल दी है। स्वच्छता रैंकिंग में प्रदेश में नंबर वन आने से इतरा रहे गोंडा शहर के लोग पानी-पानी हो गए।
लगातार जारी बरसात के कारण जिलाधिकारी कार्यालय तक आने जाने वाले मार्ग से लेकर मोहल्लों तक में भारी जलभराव रहा। आवास विकास कॉलोनी में तो लोगों का घरों से निकलना दूभर रहा। सिविल लाइन व पंतनगर व राजा मोहल्ला के कई मोहल्लों में जलभराव से लोगों को घरों में ही कैद हो कर रहना पड़ा। मुख्यालय के आवास विकास, घोसियाना, बड़गांव, खैरा कुंभनगर, नाथनगर, मंसापूरी, खैराबाग सहित आसपास के हजारों घरो में पानी भर गया है। बारिश के बाद ही पहाड़ी नालों में उफान आने से करनैलगंज व तरबगंज तहसील के कई गांवों में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि लगातार जारी बारिश की इस आपदा से निपटने के लिए सभी लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
फोटो-14-गोंडा के इमिलिया गुरुदयाल में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भरा पानी। -संवाद- फोटो : GONDA