नगर के थोक किराना व्यापारी के गोदाम में मंगलवार की भोर सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना में 40 हजार रुपये नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। घटना के समय दुकान बंद थी और दुकान मालिक अपने घर पर थे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरैनिया तालाब निवासी मोहम्मद अशरफ पुत्र स्व.जमाल अहमद ने मंगलवार को बताया कि वह नगर पालिका के पास किराने का थोक व फुटकर व्यापार करते हैं। सोमवार रात को अशरफ अपनी दुकान बंद कर आवास पर चले गए।
मंगलवार की भोर में दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा। आस-पास के लोगों ने मामले की सूचना अशरफ को दी। अशरफ घर से भागकर दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान में भयंकर आग लगी है। फायर सर्विस को सूचित करने के बाद स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए।
घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अशरफ के मुताबिक दुकान में रखी 40 हजार रुपये नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये के किराने का सामान जलकर खाक हो गया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली में मामले की सूचना दी।
घटना के संबंध में नगर कोतवाल एसके त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की सूचना दर्ज कर छानबीन की जा रही है। हल्का लेखपाल कृष्ण कुमार ने बताया कि किराने की दुकान में लगी आग की सूचना मिलने पर क्षति का आंकलन किया गया है। रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।