गोंडा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में 23 अक्तूबर को मतदान होगा। 12 मतदेय स्थलों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पोलिंग पार्टियों के साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट 22 अक्तूबर को जिला पंचायत सभागार से रवाना होंगे। मतदान के बाद सील मतपेटियों व संबंधित प्रपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए जिला पंचायत सभागार के बगल स्थित कमरे में अस्थायी स्ट्रांग रूम बनाया गया है। पोलिंग पार्टियों की वापसी के बाद सील मतपेटियां और गोपनीय अभिलेख पीठासीन अधिकारियों व पुलिस बल की सुरक्षा में 23 अक्तूबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में निर्धारित स्थल पर जमा कराए जाएंगे। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।