गोंडा। अघोषित बिजली के चलते शहर से लेकर गांवों तक हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में कस्बा परसपुर में रात में बिजली कटौती, बार-बार लाइन ट्रिप से गुस्साए बिजली उपभोक्ताओं का सब्र का बांध टूट गया।
देर रात फाल्ट ठीक करने आए बिजली कर्मियों को घेर लिया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह मय हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को समझाबुझा कर शांत किया। मोबाइल के जरिए परसपुर के अवर अभियंता से बात कराया।
मंगलवार को आंटा प्राइमरी स्कूल के पास आबादी में चलती बिजली लाइन टूट कर गिर गई। जिससे खेल रहे छोटे बच्चे इसकी चपेट में आने से बचे। आए दिन जर्जर तारों के टूट कर गिरने से लोग परेशान हैं। शिकायत के बावजूद विभाग की कर्मी समस्याओं को अनसुनी कर रहे हैं।
बिजली कटौती से आम लोग ही नहीं ब्लाक के अधिकारी वर्ग भी परेशान हैं। शहर के हाउसिंग कॉलोनी में बने सरकारी आवास में रहने वाली सब रजिस्ट्रार सुधा यादव ने बताया कि बुधवार को सुबह से बिजली नहीं आई है। कॉलोनी में आवासों के इर्न्वटर डिस्चार्ज हो गए हैं, तथा पानी की भी समस्या होने लगी।