कई माह से अनाज का वितरण न होने के विरोध में मंगलवार को अंत्योदय व बीपीएल कार्डधारकों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
मुजेहना ब्लॉक के मेहनौन गांव के अंत्योदय व बीपीएल कार्डधारकों का आरोप है कि गांव का कोटेदार दो माह से अनाज का वितरण नहीं कर रहा है, जिससे गांव के तमाम गरीबों को दिक्कतें हो रही हैं।
मेहनौन गांव के रमापति, मो. ताहिर, साबिरा बेगम, रामप्रताप, खुशीराम, मुन्नीदेवी, मो. फिरोज, निर्मला देवी, राना प्रताप, कमलादेवी, जानकीप्रसाद, मो. यासीन, समीउल्लाह, लालबानो, कल्लू खां आदि कार्डधारकों ने बताया कि जब ग्रामीण अनाज लेने जाते हैं तो उन्हें ये कह कर वापस कर दिया जाता है कि नीचे से ऊपर तक के अधिकारियों को खर्चा दिया जाता है।
जब अनाज वितरित किया जाएगा तो ऊपर का खर्चा कहां से दिया जाएगा। कोटेदार की मनमानी से पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।